गोंडा। समाज सेवा और जनहित के कार्यों में सक्रिय सम्राट अशोक महान फाउंडेशन ने दुबई में फंसे एक भारतीय युवक की भारत वापसी को लेकर महत्वपूर्ण पहल की है। फाउंडेशन की टीम ने विदेश राज्य मंत्री भारत सरकार श्री कीर्तिवर्धन सिंह को ज्ञापन सौंपकर युवक को सुरक्षित भारत वापस लाने की मांग की।
जानकारी के अनुसार करनैलगंज क्षेत्र के निवासी अमित कुमार मौर्य लगभग चार वर्ष पूर्व रोजगार की तलाश में दुबई गए थे। वहां एक कानूनी प्रकरण में फंसने के बाद दुबई न्यायालय द्वारा उन्हें छह माह की सजा एवं लगभग 25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। युवक अपनी सजा पूरी कर चुका है, लेकिन भारी जुर्माने की राशि जमा न होने के कारण अभी तक भारत वापस नहीं लौट सका है।
फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि युवक का परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है और इतनी बड़ी धनराशि जमा कर पाना उनके लिए संभव नहीं है। परिवार पहले से ही कई कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहा है। युवक की माता का निधन हो चुका है तथा उसके पिता भी गंभीर रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे हैं। ऐसे में पूरा परिवार युवक की वापसी का इंतजार कर रहा है।

सम्राट अशोक महान फाउंडेशन ने इस मामले को मानवीय आधार पर गंभीर बताते हुए भारत सरकार, भारतीय दूतावास तथा दुबई प्रशासन से समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान निकालने की मांग की है। संस्था का कहना है कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए तथा जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए सभी स्तरों पर प्रयास किए जाने चाहिए।
फाउंडेशन के सदस्यों ने कहा कि संस्था हमेशा समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों के साथ खड़ी रहती है। इसी उद्देश्य के तहत युवक की घर वापसी के लिए सामूहिक प्रयास किया जा रहा है ताकि वह जल्द अपने परिवार के बीच लौट सके।
इस दौरान संस्था के अध्यक्ष राजकिशोर मौर्य, रामकुमार मौर्य, धनश्याम मौर्य, आत्माराम मौर्य, श्याम सुंदर मौर्य, लाल बहादुर मौर्य, रंजीत मौर्य, प्रदीप मौर्य, अरविंद कुमार मौर्य, देवीलाल मौर्य, राम अशोक मौर्य सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।















